मुख्य सचिव से एक साथ मिले बीकानेर के 4 विधायक, 6 महीने का कार्यकाल बढ़ने पर दी बधाई; जानिए क्या हुई चर्चा
बीकानेर. कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से शिष्टाचार भेंट कर उनके कार्यकाल में छह माह का विस्तार किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बीकानेर जिले के तीन अन्य विधायक भी मौजूद रहे।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास का व्यापक प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और दूरदर्शी दृष्टिकोण प्रदेश में सुशासन और विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने श्रीनिवास के सफल और सार्थक कार्यकाल की कामना की।
इस दौरान खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत और बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास भी मौजूद रहे।
चारों विधायकों ने मुख्य सचिव को कार्यकाल विस्तार के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में राज्य प्रशासन जनकल्याण, सुशासन और विकास से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाएगा।

