पथरी के ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत, निजी अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा, डॉक्टर के साथ हुई मारपीट 
Bikaner News

पथरी के ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत, निजी अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा, डॉक्टर के साथ हुई मारपीट 

Oct 8, 2026

 

बीकानेर. रानी बाजार स्थित निजी अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद बुधवार को परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की।
परिजनों के अनुसार मरीज को पथरी की समस्या के चलते निजी अस्पताल अपैक्स में भर्ती कराया गया था। यहां उसका ऑपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि मरीज का हीमोग्लोबिन कम था, इसके बावजूद उसका ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के करीब दो दिन बाद मरीज की तबीयत बिगड़ने लगी और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मरीज की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और उन्होंने उपचार को लेकर नाराजगी जताई। परिजनों का कहना था कि ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत लगातार खराब होती गई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मरीज की मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी देने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर संबंधित पक्षों के बीच बातचीत भी हुई।
हालांकि, मरीज की मौत का वास्तविक चिकित्सकीय कारण क्या रहा और उपचार के दौरान किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच और मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा। अस्पताल प्रबंधन अथवा संबंधित चिकित्सक का पक्ष खबर लिखे जाने तक सामने नहीं आया है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
मौत के कारणों को स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल रिकॉर्ड और सक्षम चिकित्सा जांच की रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी।
;