महाराजा गंगा सिंह की विरासत को संजोने की दिशा में बड़ा कदम, कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से की मुलाकात
बीकानेर. महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं समग्र विकास, शोध गतिविधियों के विस्तार तथा महाराजा गंगा सिंह की विरासत को संरक्षित करने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
भेंट के दौरान विश्वविद्यालय में अकादमिक गतिविधियों के विस्तार और शोध के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की भूमिका को और मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही महाराजा गंगा सिंह सतत शोध पीठ के अंतर्गत महाराजा गंगा सिंह के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित ‘महाराजा गंगा सिंह जीवन-वृत्त—एक संपूर्ण वाङ्मय’ तैयार करवाने के प्रस्ताव पर विशेष चर्चा हुई।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा ने बताया कि कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई द्वारा प्रस्तावित इस संपूर्ण वाङ्मय में महाराजा गंगा सिंह के जीवन, प्रशासनिक एवं सामाजिक योगदान तथा बीकानेर के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से जुड़ी ऐतिहासिक और शोधपरक सामग्री को संकलित किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य महाराजा गंगा सिंह के बहुआयामी व्यक्तित्व और कृतित्व को प्रमाणिक एवं शोधपरक स्वरूप में संकलित कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से बीकानेर के इतिहास, विकास और महाराजा गंगा सिंह के योगदान से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को एक समग्र दस्तावेज के रूप में सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
मुलाकात के दौरान कुलगुरु ने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, शोध एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी भी दी। विश्वविद्यालय के विकास और शोध कार्यों को गति देने सहित विभिन्न विषयों पर दोनों के बीच विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

