सेवा ज्योति कार्यक्रम में गूंजा मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का संदेश, अर्जुनराम बोले—विकसित भारत का भविष्य हमारे सामने
Bikaner News

सेवा ज्योति कार्यक्रम में गूंजा मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का संदेश, अर्जुनराम बोले—विकसित भारत का भविष्य हमारे सामने

Oct 7, 2026

बीकानेर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा शहर जिला बीकानेर की ओर से बुधवार को मेडिकल सर्किल पर ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ एवं देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सुना।

 

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, तपस्या और राष्ट्र निर्माण की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत का भविष्य आज यहां बैठा है।” मेघवाल ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी और आज उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। यह यात्रा पद और प्रतिष्ठा की नहीं, बल्कि सेवा, तपस्या और राष्ट्र के प्रति समर्पण की यात्रा है।

 

 

मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मान-सम्मान के लिए नहीं, बल्कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। उनकी कार्यशैली में कार्यकर्ताओं और देशवासियों के प्रति आत्मीयता स्पष्ट दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन का यह अवसर सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करने वाला है।

 

 

‘कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान दिखाता है उनका व्यवहार’

केंद्रीय मंत्री ने नाल एयरपोर्ट का प्रसंग साझा करते हुए कहा कि विमान में सवार होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वापस नीचे उतरे और कार्यकर्ताओं से मिले। उन्होंने कहा कि यह व्यवहार प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता और कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान को दर्शाता है।

 

 

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मेघवाल ने राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश और जनता के बीच सक्रिय रहते हैं, जबकि विपक्ष के नेता बार-बार छुट्टियों पर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली को समझे बिना उन पर आरोप लगाना उचित नहीं है।

 

 

‘भारत आज मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र’

मेघवाल ने कहा कि आज भारत इतना मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र बन चुका है कि दूसरे के घर में घुसकर मारने वाला देश भारत बना है। उन्होंने प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि वे ऊपर से कठोर दिखाई देते हैं, लेकिन अंदर से नारियल की तरह नर्म हैं। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के प्रति उनकी संवेदनशीलता उनके निर्णयों में दिखाई देती है।

 

 

विदेश दौरों के अनुभव साझा करते हुए मेघवाल ने कहा कि दुनिया भारत की बढ़ती ताकत और प्रतिष्ठा को स्वीकार कर रही है। भारतीय पासपोर्ट की बढ़ती ताकत को उन्होंने इसका उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान लगातार मजबूत हुई है और दुनिया में देश का सम्मान बढ़ा है।

 

 

‘भविष्य को ध्यान में रखकर लिए जा रहे फैसले’

मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के वर्तमान के साथ-साथ भविष्य को ध्यान में रखकर निर्णय लेते हैं। देश में लिंग अनुपात को लेकर जागरूकता पैदा करने के लिए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियान शुरू किए गए, जिनका उद्देश्य समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना है।

 

 

कार्यक्रम में महंत विमर्शानंद महाराज, विधायक जेठानंद व्यास, विश्वनाथ मेघवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल बिश्नोई, उपमहापौर पंकज गहलोत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यप्रकाश आचार्य, कुम्भाराम सिद्ध, जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, कौशल शर्मा, श्याम सिंह हाड़ला, राजेंद्र पंवार, जिला उपाध्यक्ष मोतीलाल हर्ष, अशोक प्रजापत, दीपक पारीक, भूपेंद्र शर्मा, सरिता नाहटा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

;