पुत्रदा एकादशी पर श्याम बाबा को अर्पित की 7 फीट लंबी राखी, भोलेनाथ का हुआ अर्धनारीश्वर श्रृंगार
Bikaner News Dharm Karam

पुत्रदा एकादशी पर श्याम बाबा को अर्पित की 7 फीट लंबी राखी, भोलेनाथ का हुआ अर्धनारीश्वर श्रृंगार

Aug 23, 2026

 

बीकानेर. श्रावण मास की पुत्रदा एकादशी पर रविवार को जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर श्री श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया और उन्हें सात फीट लंबी आकर्षक राखी अर्पित की गई। वहीं मंदिर परिसर में विराजमान भोलेनाथ का अर्धनारीश्वर स्वरूप में श्रृंगार किया गया।

 

 

पुत्रदा एकादशी के अवसर पर दीपशिखा विजयवर्गीय ने श्री श्याम बाबा को सात फीट लंबी विशेष राखी अर्पित की। रंग-बिरंगी और आकर्षक राखी को देखने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। राखी अर्पित करते समय मंदिर परिसर ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंज उठा।

 

 

 

एकादशी के लिए मंदिर को दिल्ली से मंगाए गए विभिन्न प्रकार के फूलों से सजाया गया। रंग-बिरंगे फूलों की सुंदर सजावट और मनमोहक खुशबू से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचने लगे। भक्तों ने विशेष श्रृंगार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

 

 

सावन के पवित्र महीने को देखते हुए मंदिर परिसर स्थित भोलेनाथ का अर्धनारीश्वर स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। भगवान शिव और माता शक्ति के अद्भुत मिलन को दर्शाता यह स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। इसका श्रृंगार उमाशंकर सोनी और मनीष सोनी ने किया।

 

 

मंदिर के मुख्य पुजारी चेतन शर्मा और किशन जोशी ने विधि-विधान से श्री श्याम बाबा एवं भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करवाई। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के.के. शर्मा ने बताया कि पुत्रदा एकादशी पर श्याम बाबा की भक्ति और सावन में भगवान भोलेनाथ की आराधना का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन की व्यवस्था भी की गई थी।

 

 

श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ के अर्धनारीश्वर स्वरूप के दर्शन करने के साथ जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। भक्तों का कहना था कि सावन में भगवान शिव के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन से उन्हें विशेष आध्यात्मिक अनुभूति हुई।

 

 

 

सात फीट की राखी से सजे श्री श्याम बाबा और अर्धनारीश्वर स्वरूप में सजे भोलेनाथ दिनभर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। मंदिर में गूंजते ‘जय श्री श्याम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।