एक दिन पहले गांव आया, फिर अचानक हुआ लापता; दो दिन बाद नहर में मिला 12वीं के छात्र का शव
बीकानेर. अरजनसर के पास कंवरसेन लिफ्ट नहर में रविवार सुबह एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। राहगीरों की सूचना पर महाजन पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव को महाजन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
मृतक की पहचान राजियासर थाना क्षेत्र के मोकलसर गांव स्थित 92 आरडी चक निवासी रणजीत पुत्र ओमप्रकाश मेघवाल के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार रणजीत पिछले दो दिनों से लापता था। उसकी तलाश करने के बाद परिजनों ने 21 अगस्त को राजियासर पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।
रविवार सुबह नहर में युवक का शव मिलने की सूचना के बाद परिजन महाजन अस्पताल पहुंचे और उसकी पहचान रणजीत के रूप में की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रणजीत श्रीगंगानगर में रहकर 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। वह लापता होने से एक दिन पहले ही श्रीगंगानगर से अपने गांव मोकलसर आया था। इसके बाद वह अचानक घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा।
मृतक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर महाजन पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक नहर तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

