छोटी काशी री तीज महोत्सव में महिलाओं ने बिखेरे सावन के रंग, कैटवॉक और सावन क्वीन प्रतियोगिता बनी आकर्षण
बीकानेर. रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि सिद्धि पैलेस में ‘रेयर छोटी काशी री तीज महोत्सव-2026’ पारंपरिक उल्लास और उमंग के साथ आयोजित हुआ। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में पहुंचीं महिलाओं ने सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई।
शंकरा एडवरटाइजिंग और कार्तिक पब्लिसिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में कैटवॉक, सावन क्वीन और विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। कैटवॉक और सावन क्वीन प्रतियोगिता में महिलाओं ने आत्मविश्वास के साथ आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की वाहवाही बटोरी। पारंपरिक गीतों पर हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में सावन के रंग भर दिए।
कार्यक्रम में ब्रह्म गायत्री सेवाश्रम के अधिष्ठाता पंडित रामेश्वरानंद पुरोहित, डॉ. मोनिका आर. करल, महावीर इंटरनेशनल वीरा केंद्र नोखा-बीकानेर की चेयरपर्सन सरला अग्रवाल, नोखा तहसीलदार सुनीता चारण, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरिशंकर आचार्य, फोर्ट स्कूल की प्रिंसिपल एवं सरस फाउंडेशन की संचालक पिंकी शर्मा, विनोद गोयल, अरविंद मिढ्ढा, डॉ. पूजा मोहता, डिंपल गांधी, सुरेंद्र डागा, राज खजांची और जाह्नवी सोनी ने अतिथि के रूप में शिरकत की।
अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सामाजिक सहभागिता का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने तीज जैसे पारंपरिक पर्व को आधुनिक स्वरूप के साथ मनाने की पहल की सराहना की।
महोत्सव के अंत में सभी प्रतिभागी महिलाओं को आकर्षक रिटर्न गिफ्ट दिए गए। आयोजन से जुड़ी रेनू जोशी ने अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि भविष्य में भी महिलाओं के लिए रचनात्मक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन नीलम शर्मा ने किया।
आयोजन में बीकाजी, पदम्स ग्रुप, लोटस, रिद्धि सिद्धि रिसॉर्ट्स, ऑरव ब्यूटी एक्सपर्ट, भीखाराम चांदमल, रूपजी प्रीमियम क्वालिटी, दर्मा वेदिक, सिद्धि विनायक एंटरप्राइजेज, कला क्रिएशंस, भोज फ्लेक्स, सरस फाउंडेशन, जेएस नेल आर्टिस्ट और पुष्पवीर ने सहयोग किया।

