विश्वकर्मा कॉलोनी में गंदगी का अंबार, 10 दिन का अल्टीमेटम, फिर नगर निगम में धरना
Bikaner News

विश्वकर्मा कॉलोनी में गंदगी का अंबार, 10 दिन का अल्टीमेटम, फिर नगर निगम में धरना

Oct 12, 2026

बीकानेर. बीकानेर के वार्ड नंबर 29 स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी में सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय निवासियों में आक्रोश है। कॉलोनीवासियों ने नगर निगम पर सफाई व्यवस्था की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए 10 दिन में समस्याओं का समाधान करने का अल्टीमेटम दिया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि 22 अक्टूबर 2026 तक सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो नगर निगम कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

 

 

12 अक्टूबर को कॉलोनी में आयोजित बैठक में सड़कों पर कचरे के ढेर, नालियों के टूटे ढक्कनों, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन नहीं आने, सफाई कर्मचारियों की कमी और बंद रोड लाइटों सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।

 

 

दो महीने से नहीं आ रहा कचरा संग्रहण वाहन

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले दो महीने से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन नहीं आ रहा है। इसके कारण घरों के बाहर और गलियों में कचरे के ढेर लग गए हैं। लोगों का कहना है कि समय पर कचरा नहीं उठने से दुर्गंध फैल रही है और बारिश के मौसम में बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

कॉलोनीवासियों ने कचरा उठाने के लिए ट्रैक्टर, डंपर और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।

 

 

तीन महीने से टूटे हैं सीवरेज लाइन के ढक्कन

कॉलोनीवासियों के अनुसार, क्षेत्र में सीवरेज लाइन के ढक्कन करीब तीन महीने से टूटे हुए हैं। इसके चलते गंदा पानी सड़कों पर बहने और कीचड़ जमा होने की समस्या बनी हुई है। लोगों ने दुर्घटना की आशंका जताते हुए बताया कि इस संबंध में संबंधित कंपनी को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

 

 

नवरात्र में भी नहीं हुई सफाई

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नवरात्र से पहले माता मंदिर के आसपास सफाई कराने और कचरा उठाने के लिए नगर निगम से मशीन व डंपर की मांग की गई थी। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

 

10 से 12 सफाई कर्मचारी, संख्या बढ़ाने की मांग

कॉलोनीवासियों के अनुसार, वार्ड में वर्तमान में करीब 10 से 12 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। वार्ड का क्षेत्र बड़ा होने के कारण उन्होंने सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर 20 करने की मांग की है।

 

 

इसके अलावा, लोगों का आरोप है कि कॉलोनी की करीब 25 प्रतिशत रोड लाइटें बंद पड़ी हैं। शिकायतों के बावजूद इन्हें ठीक नहीं किया गया है। रात के समय अंधेरा रहने से लोगों को परेशानी होती है।

 

 

22 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम

बैठक में मौजूद लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि नगर निगम प्रशासन को समस्याओं के समाधान के लिए 10 दिन का समय दिया जाएगा। 22 अक्टूबर तक सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर नगर निगम कार्यालय में धरना शुरू किया जाएगा। कॉलोनीवासियों ने स्पष्ट किया कि समस्याओं का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

 

 

बैठक में निर्मल बिश्नोई, जगदीश सुथार, ओमप्रकाश साध, मनीष पारख, गणेश सोनी, दीपक पुरोहित, मोतीलाल पुरोहित, दीपक सुथार, गोविंद गहलोत, विक्रम सिंह पंवार, अंकित जैन, गौरव सोनी सहित अन्य मोहल्लेवासी मौजूद रहे।

;