राजस्थान में 24,752 पदों पर भर्ती, आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 28 अक्टूबर तक मौका
जयपुर. राजस्थान में संविदा सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को राहत मिली है। स्वायत्त शासन विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 अक्टूबर 2026 कर दी है। ऐसे में भर्ती के लिए आवेदन करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अब अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
183 नगरीय निकायों में 24,752 पदों पर भर्ती
राज्य की 183 नगरीय निकायों में कुल 24,752 रिक्त पदों पर संविदा सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 01/2026, 27 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। इसके तहत अभ्यर्थियों से 15 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे।
बाद में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 13 अक्टूबर 2026 कर दी गई थी। अब विभाग ने इसे फिर बढ़ाते हुए 28 अक्टूबर 2026 निर्धारित किया है।
अभ्यर्थियों को मिला अतिरिक्त समय
अंतिम तिथि बढ़ने से वे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे, जो किसी कारणवश निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाए थे। विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

