पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, सेवा और सुरक्षा के लिए जताया आभार
बीकानेर. रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर वन्देमातरम मातृशक्ति टीम की ओर से विशेष ‘रक्षा सूत्र कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। टीम की महिलाओं ने पुलिसकर्मियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।
मातृशक्ति टीम की सदस्याएं कोटगेट और जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस थाने पहुंचीं। यहां उन्होंने थाना अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। टीम की सदस्यों ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा में तैनात रहकर आमजन के लिए सुरक्षा प्रहरी की भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उन्हें रक्षा सूत्र बांधना पर्व मनाने का भावनात्मक और सार्थक प्रयास है।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज तथा उनके सहायक महेंद्र चारण को भी रक्षा सूत्र बांधा गया। टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के सेवाभाव की सराहना की।
मातृशक्ति अध्यक्ष कामिनी विमल भोजक मैया ने राखी का महत्व बताते हुए कहा—
“सजा कुमकुम से अक्षत से, वो मंगल थाल है राखी,
हमेशा प्रेम से रहती हरी, वो विश्वास की डाल है राखी।
रंगी विश्वास के रंग से, गुंथी निष्ठा के धागे से,
बहन की ढाल, भाई का तिलक है भाल—है राखी।”
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में सुरक्षा, सेवा और विश्वास के संबंधों को मजबूत करने का भी संदेश देता है।
पुलिसकर्मियों और जनसेवा में जुटे स्वास्थ्यकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधकर पर्व को सेवा, सम्मान और अपनत्व के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में कामिनी विमल भोजक मैया, विजयलक्ष्मी मूंधड़ा, जसोदा खत्री, सूरज राठौड़, दिव्या खुराना, आशु भाटिया सहित वन्देमातरम मातृशक्ति टीम की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

