बीकानेर में सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर, 745 मरीजों ने लिया परामर्श
Bikaner News

बीकानेर में सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर, 745 मरीजों ने लिया परामर्श

Aug 31, 2026

 

बीकानेर. वंदे मातरम टीम की ओर से कोटगेट क्षेत्र में विशाल सुपर स्पेशलिटी नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। करीब छह घंटे तक चले शिविर में बीकानेर, ग्रामीण क्षेत्रों और फलोदी सहित दूर-दराज से पहुंचे 745 मरीजों ने स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार का लाभ लिया। मरीजों को नि:शुल्क जांच, दवाइयां और फिजियोथैरेपी की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई।

 

 

टीम के संयोजक एवं कार्यक्रम प्रमुख विजय कोचर ने बताया कि शिविर का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रमुख टेकचंद बरड़िया, जयपुर के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सचिन गुप्ता और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जयकिशन सुथार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुधा आचार्य के शंख वादन से हुई।

 

 

कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं समाजसेवी संतोष बांठिया मुख्य अतिथि तथा ऋषिकेश के 95 वर्षीय संत जगन्नाथ महाराज विशिष्ट अतिथि रहे। शिविर के संयोजक प्रकाशचंद्र सोनी थे। मातृशक्ति अध्यक्ष कामिनी विमल भोजक ने मरीजों के पंजीयन, स्वागत और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।

 

 

टीम प्रवक्ता पुरुषोत्तम सुथार ने बताया कि शिविर में सबसे अधिक मरीज हड्डियों और घुटनों से संबंधित समस्याओं के उपचार के लिए पहुंचे। स्वास्थ्य परीक्षण के लिए दिल्ली से विशेष मशीन मंगवाई गई थी। इसके माध्यम से हड्डियों की जांच के साथ मरीजों की शुगर और रक्तचाप की जांच भी की गई।

 

 

शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सचिन गुप्ता, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जयकिशन सुथार, डॉ. अरिहंत बांठिया और डॉ. गजेंद्र वर्मा सहित विभिन्न रोगों से संबंधित करीब 15 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। हृदय और हड्डी रोग के अलावा दंत चिकित्सा, फिजियोथैरेपी एवं सामान्य रोगों से संबंधित परामर्श भी दिया गया।

 

 

मुकेश जोशी ने बताया कि मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ जांच और आवश्यक दवाइयां भी नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गईं। सुबह आठ बजे शुरू हुए शिविर में दोपहर दो बजे तक मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। छह घंटे बाद भी जयपुर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों को दिखाने के लिए मरीज प्रतीक्षा करते नजर आए।

 

 

शिविर की व्यवस्थाओं में विजय कोचर, पुरुषोत्तम सुथार, मुकेश जोशी, कमल सेन, शिवदयाल उपाध्याय, घनश्याम सोनी, भवानी सुथार, राजेंद्र रामपुरिया, विजयलक्ष्मी मूंदड़ा, राजश्री कच्छावा, मंजू बोथरा, शिवशंकर सोनी, राधा खत्री, जसोदा खत्री, दिनेश सोनी, गोविंद राठी और मूलचंद स्वामी सहित वंदे मातरम टीम के कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।