जसवंतसर के खेत में मिला जिंदा बम सेना ने किया निष्क्रिय, धमाके से आसमान तक उठा रेत का गुबार
Bikaner News

जसवंतसर के खेत में मिला जिंदा बम सेना ने किया निष्क्रिय, धमाके से आसमान तक उठा रेत का गुबार

Sep 1, 2026

बीकानेर. जसवंतसर के पास एक खेत में करीब डेढ़ महीने पहले मिले जिंदा बम को मंगलवार को सेना के बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। बम को सुनसान स्थान पर गड्ढे में रखकर नियंत्रित विस्फोट किया गया। इस दौरान तेज धमाके के साथ रेत का गुबार काफी ऊंचाई तक उठता दिखाई दिया। कार्रवाई में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

 

जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले जसवंतसर के पास एक खेत में जिंदा बम मिला था। सूचना मिलने पर महाजन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित करवाया और सेना को इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि सैन्य अभ्यास के दौरान कई बार बम आसपास के खेतों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे बमों को सेना की विशेषज्ञ टीम ही निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत निष्क्रिय करती है।

 

मंगलवार को लेफ्टिनेंट कर्नल मोनिका जॉर्ज और मेजर जीशान के नेतृत्व में सेना का बम निरोधक दस्ता जसवंतसर पहुंचा। टीम ने सबसे पहले सुनसान खेत में सुरक्षित स्थान चिह्नित कर गड्ढा तैयार किया। इसके बाद बम को मिट्टी में दबाकर नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से निष्क्रिय किया गया।

 

 

विस्फोट होते ही तेज धमाका हुआ और रेत का गुबार आसमान की ओर उठ गया। धमाके की आवाज भी दूर तक सुनाई दी। हालांकि, सेना ने सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए कार्रवाई पूरी की।

 

 

ऑपरेशन के दौरान महाजन थाना पुलिस का जाप्ता भी मौके पर तैनात रहा। एएसआई जयप्रकाश यादव तथा कॉन्स्टेबल राजेश और पवन सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने आसपास सुरक्षा व्यवस्था संभाली। सेना और पुलिस की सतर्कता से जिंदा बम को समय रहते निष्क्रिय कर संभावित हादसे का खतरा टाल दिया गया।