कोलायत के विकास को 6.25 करोड़ की सौगात, कपिल सरोवर पर बनेगा जनाना घाट
Bikaner News Politics

कोलायत के विकास को 6.25 करोड़ की सौगात, कपिल सरोवर पर बनेगा जनाना घाट

Sep 2, 2026

 

बीकानेर. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत कोलायत विधानसभा क्षेत्र में 6 करोड़ 25 लाख रुपये के विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी की अनुशंसा पर स्वीकृत राशि से कपिल मुनि सरोवर, काली नाड़ी धाम और राजकीय स्टेडियम बज्जू खालसा में विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे।

 

 

विधायक भाटी ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध कपिल मुनि सरोवर पर महिलाओं की सुविधा और पवित्र स्नान के दौरान गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए जनाना घाट का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर कुल चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें योजना मद से 3 करोड़ 50 लाख रुपये और विधायक कोष से 50 लाख रुपये दिए जाएंगे।

 

 

उन्होंने बताया कि धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण काली नाड़ी धाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए सड़क बनाई जाएगी। कोलासर पश्चिम स्थित प्रसिद्ध भभूतासिद्ध मंदिर से ईगानप 1000 आरडी की ओर 2.5 किलोमीटर लंबी और 5.5 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण होगा। इसके लिए योजना मद से 1 करोड़ 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

 

 

इसी प्रकार बज्जू खालसा के राजकीय स्टेडियम के सर्वांगीण विकास पर एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें योजना मद से 70 लाख और विधायक कोष से 30 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। स्टेडियम में खो-खो, कबड्डी, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल एवं हैंडबॉल की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही दर्शक दीर्घा, पवेलियन, हाईमास्ट लाइट, क्रिकेट नेट प्रैक्टिस और रनिंग ट्रैक सहित अन्य निर्माण कार्य भी करवाए जाएंगे।

 

 

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि तीनों विकास कार्य लंबे समय से क्षेत्र की जनता और जनप्रतिनिधियों की प्रमुख मांग थे। इनके पूरा होने से कोलायत में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, बज्जू क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलने के साथ अपनी प्रतिभा निखारने के नए अवसर प्राप्त होंगे।

 

 

विधायक भाटी ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और ग्रामीण विकास मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का आभार जताया।