जन्माष्टमी पर श्री श्याम मंदिर में सजेगी आस्था और जागरूकता की झांकियां, दिनभर खुले रहेंगे पट
बीकानेर. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जयपुर रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के पट पूरे दिन खुले रहेंगे। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी और आकर्षक झांकियों से सजाया जा रहा है।
महोत्सव में अमरनाथ गुफा, राम झूला, मिट्टी की मूर्तियों की कलाकृतियां और भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं पर आधारित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश देने के लिए नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और अन्य सामाजिक सरोकारों पर आधारित झांकियां भी सजाई जाएंगी।
आयोजन के दौरान माखन-मटकी फोड़ कार्यक्रम होगा तथा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
एक सप्ताह से तैयारियों में जुटे सेवादार
जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य बनाने के लिए श्याम धाम सेवादार टीम पिछले एक सप्ताह से तैयारियों में जुटी हुई है। सेवादार दिन-रात मेहनत कर झांकियों, विद्युत सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।
तैयारियों में किशन शर्मा, चेतन शर्मा, मोनी माथुर, दीपक रूपनारायण, सुधीर, अमित, राम यादव, आनंद और जीतू सहित अनेक सेवादार सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
जन्माष्टमी की रात पूरा मंदिर परिसर विशेष रोशनी से जगमगाएगा। श्याम धाम सेवादार टीम ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने और सामाजिक जागरूकता के संदेशों को आत्मसात करने का आह्वान किया है।

