चौंकाने वाला चुनावी आंकड़ा, एक बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी को मिला सिर्फ एक वोट
बीकानेर. श्रीडूंगरगढ़ निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान वार्ड नंबर 29 से चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है। उपलब्ध मतगणना पत्रक के अनुसार मतदान केंद्र संख्या 40 की गणना में कांग्रेस प्रत्याशी कुसुम को महज एक वोट मिला।
इस मतदान केंद्र पर निर्दलीय प्रत्याशी बबीता को सर्वाधिक 202 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी अंजू देवी के खाते में 193 वोट आए। यहां कुल 396 वैध मतों की गणना हुई तथा कोई मत अस्वीकृत नहीं हुआ। नोटा को भी एक भी वोट नहीं मिला।
कांग्रेस प्रत्याशी को केवल एक वोट मिलने का आंकड़ा सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई। हालांकि यह आंकड़ा वार्ड के एक मतदान केंद्र की मतगणना का है। प्रत्याशी को पूरे वार्ड में कुल कितने मत मिले, इसकी पुष्टि अंतिम आधिकारिक परिणाम पत्रक से होना शेष है।

