न लिंक आया, न OTP पूछा… फिर भी खाते से निकल गए 1.58 लाख रुपये
बीकानेर. साइबर ठगों ने बिना कोई लिंक भेजे और ओटीपी पूछे एक व्यक्ति के बैंक खाते से 1 लाख 58 हजार 700 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर रुपये निकलने का संदेश आने के बाद पीड़ित को साइबर ठगी की जानकारी हुई। पीड़ित ने मुक्ताप्रसाद पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।
पीड़ित के अनुसार उसके बैंक खाते से फोन-पे के माध्यम से दो बार में राशि निकाली गई। उसका आरोप है कि साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर खाते से रुपये ट्रांसफर किए। वारदात से पहले न तो उसके पास कोई संदिग्ध लिंक आया और न ही किसी व्यक्ति ने फोन करके ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी मांगी।
अचानक मोबाइल पर बैंक खाते से राशि निकलने का संदेश आया तो पीड़ित ने खाते की जांच की। इस दौरान कुल 1,58,700 रुपये निकलने का पता चला। इसके बाद उसने मुक्ताप्रसाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खाते, डिजिटल लेन-देन और फोन-पे ट्रांजेक्शन से जुड़ी जानकारी के आधार पर जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि राशि किन खातों में भेजी गई और साइबर ठगों ने वारदात को किस तरीके से अंजाम दिया।

