बीकानेर पहुंचे पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, बोले- पहले चंडीगढ़ को नशामुक्त करने का प्रयास, राजस्थान की खेती पर कही बड़ी बात…
बीकानेर. पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया रविवार को बीकानेर पहुंचे। सर्किट हाउस में कुछ देर पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कटारिया ने पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं।
राज्यपाल ने कहा कि बीकानेर में उनके कई पुराने परिचित और लोग हैं, जिनसे मिलने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान समय का उपयोग पुराने लोगों से मुलाकात और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर करेंगे।
चंडीगढ़ को नशामुक्त करने पर जोर
पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर कटारिया ने कहा कि पहली बार चंडीगढ़ में यह प्रयास किया गया है कि नशे को फैलने नहीं दिया जाए। इसके लिए पुलिस को पूरी तरह अलर्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि नशे से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25 मकानों को गिराने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के तहत 130 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है।
कटारिया ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान में केवल नशा बेचने वालों पर कार्रवाई ही नहीं, बल्कि मेडिकल स्टोरों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ मेडिकल स्टोरों पर ऐसी दवाइयां भी बेचे जाने की बात सामने आ रही है, जिनका दुरुपयोग नशे के लिए किया जा सकता है। ऐसे मामलों को रोकने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य नशामुक्त पंजाब बनाना है, लेकिन फिलहाल पहले चंडीगढ़ को नशामुक्त करने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने माना कि अभियान के बावजूद अभी नशा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। नशे को पूरी तरह बाहर निकालने के लिए अभियान का दूसरा चरण शुरू किया जाएगा।
नशे से प्रभावित लोगों के पुनर्वास पर भी जोर
राज्यपाल ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नशे से जुड़े लोगों के जीवन में सुधार लाना भी जरूरी है। अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को नशे से बाहर निकालकर बेहतर जीवन की ओर ले जाना भी है।
राजस्थान की खेती की भी चर्चा
कटारिया ने पंजाब और राजस्थान की कृषि व्यवस्था को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि पंजाब में किन्नू की खेती प्रभावी हो रही है, लेकिन राजस्थान इस क्षेत्र में उससे भी आगे बढ़ा हुआ है।
भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
बीकानेर पहुंचने पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोपाल गहलोत, सत्यप्रकाश आचार्य, मोहन सुराणा, पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई और देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया सहित भाजपा नेताओं ने राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया का स्वागत किया।
इस दौरान भाजपा नेता सत्यप्रकाश आचार्य ने राज्यपाल कटारिया से सोमवार सुबह घर पर नाश्ते के लिए आने का आग्रह किया। इस पर कटारिया ने कहा कि दोनों नेता मिलकर तय कर लें। इसके बाद सोमवार सुबह भाजपा नेता गोपाल गहलोत के घर पर नाश्ता करने का कार्यक्रम तय हुआ। इस दौरान राज्यपाल एक कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

