कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, मतदाता सूचियों और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए सवाल
बीकानेर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह से मुलाकात कर विभिन्न चुनावी मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला सहित कांग्रेस के अन्य नेता शामिल रहे। कांग्रेस की ओर से निकाय चुनाव में कथित अनियमितताओं, मतदाता सूचियों में गड़बड़ी, एसआईआर और वोट चोरी जैसे मुद्दे निर्वाचन आयोग के समक्ष उठाए गए।
कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े विषयों पर आयोग का ध्यान आकर्षित किया तथा इन मामलों में आवश्यक कार्रवाई की मांग रखी।
कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति में भाजपा पर सरकारी एजेंसियों के कथित दुरुपयोग और सत्ता के दबाव के जरिए चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाए गए। पार्टी ने दावा किया कि चुनावों में मतदाताओं के अधिकार और जनादेश प्रभावित किए जा रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी संवैधानिक संस्थाओं के समक्ष अपनी बात रखती रहेगी। ज्ञापन के माध्यम से निर्वाचन आयोग से चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाता सूचियों से जुड़े मामलों पर आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।

