कोटगेट रेलवे फाटकों की समस्या पर विधायक जेठानंद व्यास ने DRM से की मुलाकात, अंडरब्रिज निर्माण जल्द शुरू करने पर जोर
बीकानेर. बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल से मुलाकात कर शहर के कोटगेट रेलवे फाटकों की समस्या के समाधान को लेकर चर्चा की। विधायक ने रेलवे की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए समस्या के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही।
विधायक ने इस दौरान केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से भी दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने रेलवे की प्रस्तावित योजना के तहत अंडरब्रिज निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और संभावित तकनीकी कमियों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया।
बरसाती पानी की निकासी का हो प्रभावी इंतजाम
विधायक ने कहा कि अंडरब्रिज निर्माण की योजना बनाते समय शहरी क्षेत्र से आने वाले बरसाती पानी के सुनियोजित बहाव का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पानी के प्रभावी डायवर्जन के लिए पहले से उचित प्लान तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या पैदा न हो।
उन्होंने कोटगेट क्षेत्र के व्यापारियों की समस्याओं को भी ध्यान में रखने की बात कही। विधायक ने रेलवे अधिकारियों से ऐसी कार्ययोजना बनाने का आग्रह किया, जिससे निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय व्यापार और आवागमन पर अनावश्यक असर नहीं पड़े।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से समन्वय पर जोर
विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि रेलवे को निर्माण कार्य के दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोटगेट रेलवे फाटक बार-बार बंद होने के कारण आमजन को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान को केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में रखा गया है। इसके मद्देनजर रेलवे की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर अंडरब्रिज निर्माण कार्य शुरू किया जाना चाहिए।

