कोलायत में कपिल मुनि पैनोरमा का कार्यादेश जारी, 9 अक्टूबर से शुरू होगा निर्माण
बीकानेर. श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए कोलायत मुख्यालय पर प्रस्तावित कपिल मुनि पैनोरमा के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रक्रिया पूरी हो गई है। राजस्थान धरोहर प्राधिकरण, जयपुर ने 29 सितंबर को पैनोरमा निर्माण कार्य का कार्यादेश जारी कर दिया।
कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी की ओर से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देखते हुए लंबे समय से कपिल मुनि पैनोरमा निर्माण की मांग राज्य सरकार के समक्ष रखी जा रही थी। इसी के तहत राज्य बजट वर्ष 2024-25 में कोलायत में कपिल मुनि पैनोरमा निर्माण की घोषणा की गई थी।
विधायक भाटी के अनुसार पैनोरमा के प्रस्तावित स्थल का राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने निरीक्षण भी किया था। इस दौरान विधायक ने कोलायत की ऐतिहासिक एवं धार्मिक पृष्ठभूमि और क्षेत्रवासियों की भावनाओं से प्राधिकरण अध्यक्ष को अवगत कराया।
इसके बाद राजस्थान धरोहर प्राधिकरण की ओर से निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए निविदा जारी की गई। निविदा प्रक्रिया के बाद मैसर्स केसरी चंद कंस्ट्रक्शन कंपनी को पैनोरमा निर्माण का कार्यादेश जारी किया गया है।
कार्यादेश के अनुसार संबंधित फर्म को 9 अक्टूबर 2026 तक निर्माण कार्य शुरू करना होगा, जबकि निर्माण कार्य 9 जनवरी 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा मंच
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि कपिल मुनि पैनोरमा का निर्माण कोलायत की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। पैनोरमा के माध्यम से कपिल मुनि की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक परंपरा को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि पैनोरमा बनने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। कोलायत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करते हुए क्षेत्र के विकास और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार के सहयोग से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पैनोरमा का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

