डूंगर महाविद्यालय में पेनकक सिलाट अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता 11 नवंबर से 
Bikaner News

डूंगर महाविद्यालय में पेनकक सिलाट अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता 11 नवंबर से 

Nov 10, 2025
बीकानेर. महाराजा गंगासिंह विश्विद्यालय बीकानेर के खेल पंचांग के अनुसार राजकीय डूंगर महाविद्यालय में पेनकक सिलाट महिला व पुरुष अंतर-महाविद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ दिनांक 11 नवंबर, 2025 को प्रातः 8 बजे से कॉलेज परिसर में होगा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्विद्यालय बीकानेर के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास के मुख्य -आतिथ्य एवं गरिमामय उपस्थिति में सम्पन्न होगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने बताया कि पेनकक सिलाट इंडोनेशिया और दक्षिण पूर्व एशिया की एक पारंपरिक मार्शल आर्ट है। यह मार्शल आर्ट कला, संस्कृति और गहन दर्शन को युद्ध की तकनीकों के साथ जोड़ती है, जिसमें शरीर के अंगों का उपयोग करके प्रहार, हाथापाई और हथियार फेंकना शामिल हैं। यह एक बहुमुखी मार्शल आर्ट है जिसका उपयोग आत्मरक्षा के लिए किया जाता है और यह एक प्रतिस्पर्धी खेल भी है।
इसमें शरीर के किसी भी हिस्से का उपयोग किया जा सकता है और किसी भी हिस्से पर हमला किया जा सकता है। इसमें प्रहार, हाथापाई और विभिन्न हथियारों का उपयोग शामिल है।
इस अंतर-महाविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक पूर्ण करवाने के लिए महाविद्यालय स्तर पर विद्वान संकाय सदस्यों की विभिन्न कमेटियों का गठन कर तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई है । अलसुबह ही खिलाड़ियों के पंजीकरण की प्रक्रिया महाविद्यालय परिसर में प्रारंभ कर दी जाएगी । इस प्रतियोगिता के सफल संचालन एवं खिलाड़ियों की चिकित्सा के लिए भी महाविद्यालय स्तर पर चिकित्सा विभाग से समन्वय स्थापित कर एक चिकित्सक दल की भी व्यवस्था प्रतियोगिता परिसर में कर ली गई है ।