लूणकरणसर में मोबाइल दुकान में बैटरी ब्लास्ट, CCTV में कैद हुआ हादसा
Bikaner News

लूणकरणसर में मोबाइल दुकान में बैटरी ब्लास्ट, CCTV में कैद हुआ हादसा

Jan 8, 2026
बीकानेर. लूणकरणसर कस्बे के बाजार क्षेत्र में स्थित एच पी मोबाइल सेंटर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मोबाइल की बैटरी अचानक फट गई।
 बताया जा रहा है कि मोबाइल से बैटरी निकालते समय अचानक तेज धमाके के साथ बैटरी ब्लास्ट हो गई, जिससे आग का तेज गुब्बार उठ खड़ा हुआ।
घटना के समय दुकान में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। बैटरी फटते ही दुकान में धुआं और आग फैल गई, जिससे आसपास के दुकानदार भी घबरा गए। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही बैटरी को मोबाइल से अलग किया गया, उसी क्षण जोरदार धमाके के साथ आग भड़क उठी। कुछ ही सेकेंड में दुकान में हड़कंप मच गया और लोग सुरक्षित दूरी पर हट गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद मोबाइल बैटरी की गुणवत्ता और मरम्मत के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए मोबाइल रिपेयरिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।