भक्ति की शक्ति के रूप में मनाया जाएगा नवरात्रि पर्व, 19 से 29 मार्च तक होंगे भव्य धार्मिक आयोजन

बीकानेर। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर इस वर्ष गंगाशहर रोड स्थित अग्रवाल भवन परिसर में भक्ति और आध्यात्मिकता से सराबोर भव्य धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर 19 से 29 मार्च तक 11 दिवसीय अलौकिक और विराट चैत्र नवरात्रि देवी भागवत कथा यज्ञ महोत्सव का आयोजन होगा, जिसकी तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
यह आयोजन तमिलनाडु के श्री पार्श्व पद्मावती शक्तिपीठ तीर्थधाम, कृष्णगिरी के विश्व विख्यात पीठाधीश्वर जगद्गुरु पूज्यपाद 1008 वसंत विजयानंद गिरी महाराज की प्रेरणा और सान्निध्य में सम्पन्न होगा। कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पूजा, जप तथा कुबेर लक्ष्मी यंत्र साधना आयोजित की जाएगी।
इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक काशी के विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ 9 कुंडीय विराट दिव्य यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस यज्ञ में हजारों किलो मेवे, शुद्ध चंदन की लकड़ियां और देशी घी की आहुतियां दी जाएंगी। आयोजकों के अनुसार यह विधान अत्यंत विशेष और भव्य होगा।
रात्रि 8 बजे से पूज्य महाराजश्री के श्रीमुख से देवी भागवत कथा का वाचन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश प्राप्त होगा। इसके साथ ही प्रतिदिन संगीत भजन श्रृंखला के अंतर्गत कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।
आयोजन समिति के गुरुभक्त संकेश जैन ने बताया कि 11 दिनों तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की नि:शुल्क व्यवस्था भी रहेगी। उन्होंने बताया कि यज्ञ, पूजा, कथा, भजन-कीर्तन और भोजन सहित सभी आयोजनों में प्रवेश पूर्णत: नि:शुल्क रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह पावन आयोजन जप, तप, यज्ञ और पूजा के माध्यम से समाज के सर्वकल्याण और सुख-समृद्धि की कामना के उद्देश्य से किया जा रहा है। आयोजन को अद्वितीय और ऐतिहासिक बनाने के लिए अग्रवाल भवन परिसर में अस्थायी रूप से भव्य मंदिरों का निर्माण भी किया जा रहा है।
इनमें गणपति मंदिर, भैरव मंदिर, शिव-पार्वती मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर, कृष्णगिरी पद्मावती मंदिर, धनदेश्वरी मंदिर, दुर्गा मंदिर, सिद्धिदात्री मंदिर, महागौरी मंदिर, करणी माता मंदिर, ललिता महात्रिपुर सुंदरी मंदिर, सरस्वती मंदिर, श्रीराम परिवार मंदिर और हनुमान मंदिर सहित कई मंदिर शामिल हैं। इन मंदिरों की ऊंचाई लगभग 35 से 45 फीट तक रखी जा रही है, जो नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

