धरणीधर तालाब पर “खेलण दो गणगौर” महोत्सव का भव्य समापन, लोक संस्कृति की रंगीन छटा बिखरी
बीकानेर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी धरणीधर तालाब पर आयोजित दो दिवसीय गणगौर महोत्सव “खेलण दो गणगौर” का भव्य आतिशबाजी के साथ समापन हुआ। हिंदी न्यूज वेबसाइट आपणी हथाई और अंतरराष्ट्रीय लोक कलाकार गोपाल बिस्सा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन को State Bank of India और Tata Power का सहयोग मिला।
दो दिनों तक चले इस महोत्सव में लोक संस्कृति, पारंपरिक परिधान, नृत्य और संगीत की अद्भुत झलक देखने को मिली। पहले दिन दातनिया प्रतियोगिता और गणगौर साज-सज्जा प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें बच्चियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बाड़मेर से आए कलाकारों के फायर डांस ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं स्वर संगम म्यूजिक एंड फिल्म कंपनी के कलाकार सूर्या ने गणगौर भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। घुड़ला घूमर की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।
दूसरे दिन धरणीधर तालाब पर महिलाओं और बालिकाओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर गणगौर के रंग में रंगा नजर आया। गणगौर वॉक को लेकर खासा उत्साह देखा गया, जिसमें 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
मिस गणगौर प्रतियोगिता में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं और बालिकाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया। कामाक्षी आचार्य और गोपाल व्यास (गोपसा) ने गणगौर-ईशर की सजीव झांकी प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोक गायक भैरूरतन पुरोहित (बाबू काका) ने पारंपरिक गीतों से माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन गोपाल बिस्सा ने किया।
प्रतियोगिताओं के विजेता
दातनिया प्रतियोगिता: प्रथम – खुशी, द्वितीय – राधिका व्यास, तृतीय – प्रियांशी अग्रवाल
गणगौर साज-सज्जा: प्रथम – गोपी व्यास, द्वितीय – खुशबू ओझा, तृतीय – राजेश जोशी
गणगौर वॉक: प्रथम – रामा ओझा, द्वितीय – प्रियंका मारू, तृतीय – पूजा राजपुरोहित
मिस गणगौर 2026: विजेता – राजेश्वरी सुथार, रनर-अप – कुसुम पंवार
सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
समापन समारोह में विधायक जेठानंद व्यास मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी लोक संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को जीवित रखते हैं।
कार्यक्रम में टाटा पावर के धर्मेंद्र पुरोहित, समाजसेवी सुनील सोनी, बीकानेर प्रेस क्लब अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया, भाजपा नेत्री आरती आचार्य सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

