शहीद पुखराज कंडेला की स्मृति में बनेगा स्मारक व लाइब्रेरी, विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने किया ऐलान
बीकानेर. अमर शहीद पुखराज कंडेला की प्रथम पुण्यतिथि पर कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद के अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए उनकी स्मृति में स्थायी कार्य करने की घोषणा की।
विधायक भाटी ने ऐलान किया कि क्षेत्र में शहीद पुखराज कंडेला की स्मृति में भव्य शहीद स्मारक और आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा और युवाओं को देशभक्ति की भावना से जोड़ने का कार्य करेगा।
शहीद का आधिकारिक दर्जा दिलाने की पहल
विधायक भाटी ने कहा कि शहीद पुखराज कंडेला को राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान दिलाने के लिए उन्हें आधिकारिक रूप से शहीद का दर्जा दिलाना आवश्यक है। इसके लिए वे भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखेंगे, ताकि उनके बलिदान को मान्यता मिल सके।
उन्होंने कहा कि यह केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
जयपुर में जनहित के मुद्दों पर चर्चा
इससे पहले पूर्व सिंचाई मंत्री देवीसिंह भाटी ने जयपुर में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्य सचिव ने उनका स्वागत किया और प्रदेश से जुड़े विभिन्न जनहित के विषयों पर सार्थक चर्चा की गई।
बैठक में कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी भी उपस्थित रहे। प्रदेश के विकास, सिंचाई व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण और आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक संवाद हुआ।

