ढींगसरी में रूफ टॉप सोलर प्लांट का उद्घाटन, बेटियों के खेल सपनों को मिली नई ऊर्जा
Bikaner News Life Style Sports Technology

ढींगसरी में रूफ टॉप सोलर प्लांट का उद्घाटन, बेटियों के खेल सपनों को मिली नई ऊर्जा

May 8, 2026

 

बीकानेर। नोखा क्षेत्र के ढींगसरी गांव स्थित मगन सिंह राजवी स्पोर्ट्स अकादमी में बुधवार को रूफ टॉप सोलर प्लांट का उद्घाटन किया गया। राइजिंग सन एनर्जी की ओर से सीएसआर के तहत लगाए गए इस सोलर प्लांट से अब अकादमी में बिजली की समस्या दूर होगी और बालिकाओं के खेल प्रशिक्षण में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

 

 

 

उद्घाटन समारोह में राइजिंग सन एनर्जी के एमडी अरुणव शर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “जुनून रखो, मेहनत करो और खुद को साबित करो।” उन्होंने कहा कि जीवन में किसी भी प्रतियोगिता में सफलता पाने के लिए आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत बेहद जरूरी है। पहले खुद पर जीत हासिल करनी होती है, तभी बड़ी से बड़ी मंजिल आसान बनती है।

 

 

 

आयोजन से जुड़े चंद्रवीर सिंह राजवी ने बताया कि राइजिंग सन एनर्जी की ओर से अकादमी को रूफ टॉप सोलर प्लांट के साथ खेल उपकरण और नाइकी के 100 जोड़ी स्पोर्ट्स शूज भी उपलब्ध करवाए गए हैं। समारोह के दौरान एमडी अरुणव शर्मा और सीओओ आलोक श्रीवास्तव ने सोलर प्लांट का उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों से हॉस्टल, खान-पान और खेल सुविधाओं की जानकारी भी ली।

 

 

इस अवसर पर अर्जुन अवार्डी मगन सिंह राजवी, कोच विक्रम सिंह राजवी, मुदित खजांची और सरपंच धर्मवीर सिंह राजवी ने अतिथियों का अभिनंदन किया। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष 23 नवंबर 2025 को केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने खेल मैदान और हॉस्टल का उद्घाटन किया था।

 

 

ढींगसरी बन रहा ‘मिनी ब्राजील’

कोच विक्रम सिंह राजवी ने बताया कि गांव की बेटियां लगातार फुटबॉल में नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। वर्षों की मेहनत और ग्रामीणों के सहयोग से अब परिवार भी बच्चियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ढींगसरी “मिनी ब्राजील” के रूप में पहचान बनाएगा।

 

 

 

उन्होंने बताया कि अगस्त 2024 में गांव की बेटियों ने नेशनल टूर्नामेंट में जीत हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया था। इसके बाद पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी और उनके सहयोगियों ने 17.83 लाख रुपए का सहयोग देकर खेल मैदान के विकास की शुरुआत करवाई। वहीं नोखा निवासी उद्योगपति सुभाष भूरा ने गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण करवाया तथा अन्य भामाशाहों ने खेल सामग्री, ड्रेस, जूते और डाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाईं।

 

 

आज बीकानेर से करीब 72 किलोमीटर दूर स्थित ढींगसरी गांव में जहां कभी टिब्बे और ऊबड़-खाबड़ जमीन थी, वहां अब हरी घास के आधुनिक फुटबॉल मैदान तैयार हैं। ग्रामीणों और भामाशाहों के सहयोग से बेटियों के खेल सपनों को नई उड़ान मिल रही है।