महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
बीकानेर. बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के बीदासर रोड स्थित तेजा मंदिर के सामने वन क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने के बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका गया हो। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में महिला की पहचान के प्रयास कर रही है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

