महिला इन्फ्लूएंसर ने जहर पीया, सोशल मीडिया ट्रोलिंग से थी परेशान
बीकानेर. सोशल मीडिया ट्रोलिंग से परेशान एक महिला इन्फ्लूएंसर द्वारा जहर पीने का मामला सामने आया है। बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ स्थित गोदारों की ढाणी में रहने वाली कंटेंट क्रिएटर अनीता बिश्नोई ने बुधवार को कथित रूप से जहर पी लिया। गंभीर हालत में उन्हें मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार घटना से करीब पांच घंटे पहले अनीता ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी।” इसके बाद परिजनों में चिंता बढ़ गई।
अनीता के पति दीनाराम ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी पत्नी को सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोल किया जा रहा था। कुछ यूजर्स और कथित इन्फ्लूएंसर्स द्वारा उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं तथा व्हाट्सएप पर भी धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे थे। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान थीं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में अनीता ने महिलाओं के पहनावे को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें आलोचना और अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। विवाद बढ़ने पर उन्होंने चार दिन पहले अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर सफाई भी दी थी, लेकिन ट्रोलिंग का सिलसिला जारी रहा।
बुधवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों के आधार पर सोशल मीडिया गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।

