विप्र फाउंडेशन को समाजोत्थान भवन के लिए भूमि का आधिकारिक हस्तांतरण, बीकानेर में निर्माण का रास्ता साफ
- बीकानेर। विप्र समाज के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। राज्य सरकार की ओर से गांधी कॉलोनी क्षेत्र में समाजोत्थान भवन निर्माण के लिए आवंटित भूमि का विधिवत सीमांकन कर उसका आधिकारिक हस्तांतरण विप्र फाउंडेशन को कर दिया गया। प्रशासनिक और राजस्व संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद संगठन ने भूमि का विधिवत कब्जा ग्रहण किया। इस उपलब्धि को समाज के वर्षों के सामूहिक प्रयासों और संगठनात्मक एकजुटता की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) के उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे के निर्देशन में अधिकारियों ने भूमि का सीमांकन कराया और सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद भूमि का कब्जा विप्र फाउंडेशन को सौंपा। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने उपायुक्त का अभिनंदन कर सहयोग के लिए आभार जताया।
विप्र फाउंडेशन के प्रदेशाध्यक्ष धनसुख सारस्वत ने कहा कि समाजोत्थान भवन के लिए भूमि का आधिकारिक हस्तांतरण पूरे विप्र समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह भवन भविष्य में सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और सेवा गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां प्रतिभा सम्मान, युवा मार्गदर्शन, महिला सशक्तिकरण, वैचारिक संगोष्ठियां और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय सचिव भंवर पुरोहित ने कहा कि समाजोत्थान भवन के निर्माण से समाज को एक स्थायी मंच मिलेगा, जहां से शिक्षा, सेवा, सामाजिक जागरूकता और युवा नेतृत्व विकास जैसे कार्यों को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन के संस्थापक संयोजक सुशील ओझा, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेन्द्र भारद्वाज के योगदान का भी उल्लेख करते हुए समाज की ओर से आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में दीपक हर्ष, शिव सारस्वत, चंद्रकला आचार्य, केदार सारस्वत, नारायण पारीक, सीए सुधीश शर्मा, दिनेश ओझा, पंकज पीपलवा, अरुण कल्ला, रतिराम तावणिया, परमेश्वर सारस्वत, पंकज ओझा सहित विप्र समाज के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

