पीबीएम अस्पताल में हंगामा, मरीज और गार्ड आपस में उलझे, पुलिस थाने ले गई
बीकानेर. पीबीएम अस्पताल की मेडिसिन की 16 नंबर ओपीडी में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक मरीज और सुरक्षा गार्ड के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी, जिससे ओपीडी में मौजूद मरीजों और परिजनों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ मरीज पुलिस से भी उलझ गए, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने संबंधित लोगों को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के कारण मेडिसिन ओपीडी में कुछ समय तक अव्यवस्था का माहौल रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

