सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील का नया मेन्यू लागू, सप्ताह में एक दिन फल देना होगा अनिवार्य
जयपुर. केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत प्रधानमंत्री पोषण (मिड-डे मील) योजना के अंतर्गत राजस्थान के राजकीय विद्यालयों में कक्षा प्री-प्राइमरी से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए साप्ताहिक भोजन मेन्यू निर्धारित कर दिया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य, पोषण स्तर और शैक्षिक उपस्थिति में सुधार करना है।
जारी निर्देशों के अनुसार सोमवार को रोटी, दाल और सब्जी, मंगलवार को चावल, दाल और सब्जी, बुधवार को रोटी, दाल और सब्जी, गुरुवार को दाल, चावल और सब्जियों से युक्त खिचड़ी, जबकि शुक्रवार और शनिवार को रोटी, दाल और सब्जी परोसी जाएगी। साथ ही सप्ताह में किसी एक दिन स्थानीय मांग के अनुसार भोजन में बदलाव भी किया जा सकेगा।
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सप्ताह में एक दिन विद्यार्थियों को फल देना अनिवार्य होगा। वहीं कक्षा प्री-प्राइमरी से 5वीं तक के विद्यार्थियों के भोजन में कम से कम 450 कैलोरी और 12 ग्राम प्रोटीन, जबकि कक्षा 6 से 8वीं तक के विद्यार्थियों के भोजन में 700 कैलोरी और 20 ग्राम प्रोटीन सुनिश्चित करना होगा।
इस संबंध में जिला कलक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी राजकीय विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति, एजीओ, अन्नपूर्णा महिला सहकारी समिति एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

