कोलायत को 11.92 करोड़ की 15 सड़क परियोजनाओं की सौगात, 40.15 किमी ग्रामीण सड़क नेटवर्क होगा मजबूत
बीकानेर. कोलायत विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने 15 सड़क विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने 8 मिसिंग लिंक और 7 नॉन-पेचेबल (सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण) कार्यों के लिए कुल ₹11.92 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। इन परियोजनाओं के तहत 40.15 किलोमीटर सड़क निर्माण, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण किया जाएगा।
कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने बताया कि मिसिंग लिंक योजना के तहत भलूरी, दण्डखुर्द, सवाईवाला, बरसलपुर, जागनवाला, नोखड़ा, मानकासर, ग्रांधी और धरणोक क्षेत्र सहित आठ सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिली है। इन परियोजनाओं के तहत 16.25 किलोमीटर नई सड़कों के निर्माण पर करीब ₹5.51 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा नॉन-पेचेबल योजना के अंतर्गत दियातरा-भाणे का गांव, टोकला-खारिया मालीनाथ, तंवरवाला-करणीसर, पाबूसर पश्चिम, रणजीतपुरा-गजजेवाला, भूरासर डिस्ट्रीब्यूटरी और मानकासर-भलूरी फांटा सहित सात सड़कों के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों पर 23.90 किलोमीटर सड़क सुधार के लिए ₹6.41 करोड़ की राशि खर्च होगी।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। किसानों को कृषि उपज के परिवहन में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों और आमजन का आवागमन आसान होगा तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और कोलायत विधानसभा में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं।
भाटी ने इन सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री दिया कुमारी का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार के नेतृत्व में कोलायत विधानसभा में विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं।

