बीकानेर में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, 6.5 किलो डोडा-पोस्त के साथ पंजाब का युवक गिरफ्तार
बीकानेर. बीकानेर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत नाल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के एक युवक को 6 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। पिछले एक महीने में नाल थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ यह छठी बड़ी कार्रवाई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरुसेवक सिंह निवासी भटिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध प्रतीत होने पर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ एवं सीओ हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई के साथ ही नाल थाना क्षेत्र में पिछले एक महीने के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह छठी बड़ी सफलता दर्ज की गई है। लगातार हो रही कार्रवाइयों से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
इस कार्रवाई में एएसआई सुभाष, जय सिंह, मेनपाल, सहीराम, हेड कांस्टेबल जगदीश, कांस्टेबल पवन तथा चालक मांगीलाल की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद डोडा-पोस्त कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस पूरे नेटवर्क की भी जांच में जुटी है।

