मुख्यमंत्री के मेघासर दौरे से पहले विधायक भाटी ने साधा कार्यकर्ताओं से संवाद, अधिकाधिक जनभागीदारी का आह्वान

बीकानेर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 14 अगस्त को श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मेघासर आगमन और प्रस्तावित समारोह की तैयारियों को लेकर कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम किए।
विधायक भाटी ने पंचायत समिति कोलायत, दियातरा, भाणे का गांव, गड़ियाला और बज्जू स्थित विधायक जनसुनवाई केंद्र सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं आमजन से संवाद किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के मेघासर आगमन और प्रस्तावित विशाल आमसभा में अधिकाधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक गांव और कस्बे से बसों के माध्यम से आमजन को मेघासर लाने तथा कार्यक्रम में अनुशासन और उत्साह के साथ सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र की धरती पर आगमन क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का विषय है। मेघासर में आयोजित होने वाला समारोह क्षेत्र की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और इतिहास से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी में ग्राम मेघासर के संस्थापक एवं पूजनीय मेघोजी उपाध्याय की भव्य अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रतिमा का अनावरण नहीं, बल्कि क्षेत्र की विरासत, पूर्वजों के त्याग, संस्कारों और इतिहास को नमन करने का अवसर है।
विधायक भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्वागत में श्रीकोलायत क्षेत्र की जनता की ओर से आत्मीयता और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर आमजन को कार्यक्रम की जानकारी देने और अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि “इतिहास का गौरव, मेघासर का अभिमान” की भावना के साथ 14 अगस्त को श्रीकोलायत एक ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनेगा। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होने वाली विशाल आमसभा इस आयोजन को और विशेष बनाएगी।
इस दौरान रामप्रताप चेयरमैन, कृषि मंडी अध्यक्ष मदन सिंह भाटी, रामजस भादू, मंडल अध्यक्ष बज्जू सुभाष ज्यानी, खेत सिंह राठौड़, श्रीराम धायल, मनोहर भादू, सुजान सिंह सोढ़ा, धर्मु बन्ना, बालूराम, मांगीलाल नाई, जीवनराम कड़वासरा, खिंव सिंह भाटी, हाजी कायम खां, देवीलाल चौधरी, पुष्पेंद्र सिंह भाटी, पुन्नू खां सरपंच राववाला, गोर्वधन खीचड़, सुनील गोदारा, शायर सिंह बांगड़सर, अजमल खां, जय सिंह हाड़ला, प्रभात सिंह हाड़ला, गोपाल शर्मा, कर्णाराम गर्ग, देवीलाल भाम्भू, किशन सिंह नंदड़ा, भंवर उपाध्याय, रामेश्वर जाजड़ा, करणी सिंह, महेंद्र सिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

