लक्ष्मीनाथ मंदिर में तीज, ऊभ-छठ और जन्माष्टमी पर उमड़ेगी भीड़, विशेष पुलिस जाब्ते की मांग
Bikaner News Dharm Karam

लक्ष्मीनाथ मंदिर में तीज, ऊभ-छठ और जन्माष्टमी पर उमड़ेगी भीड़, विशेष पुलिस जाब्ते की मांग

Aug 18, 2026

 

बीकानेर. शहर के प्रसिद्ध श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में आगामी बड़ी तीज, ऊभ-छठ और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष पुलिस व्यवस्था की मांग की गई है। श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा से मुलाकात कर मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने की मांग रखी।

 

मंदिर के कथावाचक पंडित विजय कुमार व्यास और मुख्य पुजारी शंकर महाराज के अनुसार श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में 31 अगस्त को बड़ी तीज, 2 सितंबर को ऊभ-छठ और 4 सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। इन त्योहारों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है।

 

 

ऊभ-छठ पर सिर्फ महिलाओं को प्रवेश

समिति के सचिव सीताराम कच्छावा ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि ऊभ-छठ के मेले में रियासतकाल से चली आ रही एक विशेष परंपरा का निर्वहन किया जाता है। इसके तहत 2 सितंबर को शाम 7:30 बजे से चंद्रोदय, करीब रात 10:30 बजे तक मंदिर परिसर में केवल महिलाओं को प्रवेश दिया जाएगा। इस दौरान पुरुषों का प्रवेश नहीं होगा।

 

 

समिति के अनुसार ऊभ-छठ पर मंदिर में महिलाओं की भारी भीड़ रहती है। वहीं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भी हजारों श्रद्धालु परिवार सहित भगवान श्रीकृष्ण और लक्ष्मीनाथ जी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ नियंत्रण के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना महत्वपूर्ण रहेगा।

 

 

स्थायी पुलिसकर्मी और तीन होमगार्ड की भी मांग

समिति ने ऊभ-छठ और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता लगाने के साथ ही श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर एवं पार्क क्षेत्र के लिए एक स्थायी पुलिसकर्मी तैनात करने की मांग भी रखी। इसके अलावा आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए तीन होमगार्ड लगाने का आग्रह किया गया।

 

 

समिति के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सीताराम कच्छावा ने किया। इसमें शिवप्रकाश सोनी, नरेंद्र शर्मा, कैलाश छींपा, मुकेश जोशी और अनिल सोनी सहित समिति के सदस्य शामिल रहे।

 

 

समिति के अनुसार पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने आगामी त्योहारों के दौरान आवश्यक पुलिस जाब्ता लगाने और व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।