कांग्रेस में पार्षद का टिकट चाहिए तो बताने होंगे सोशल मीडिया फॉलोअर्स, QR कोड से होगा आवेदन
Bikaner News Politics

कांग्रेस में पार्षद का टिकट चाहिए तो बताने होंगे सोशल मीडिया फॉलोअर्स, QR कोड से होगा आवेदन

Aug 18, 2026

 

जयपुर. राजस्थान में आगामी शहरी निकाय और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों को लेकर कांग्रेस ने टिकट वितरण की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। इस बार पार्टी से चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों को टिकट के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। फिलहाल शहरी निकाय चुनाव के दावेदारों के लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था शुरू की गई है। इसके लिए कांग्रेस ने QR कोड जारी किया है।

 

 

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में QR कोड जारी किया। टिकट के दावेदार QR कोड स्कैन कर ऑनलाइन फॉर्म तक पहुंच सकेंगे और उसमें मांगी गई जानकारी भरकर अपनी दावेदारी पेश करेंगे।

 

 

 

सोशल मीडिया पर कितनी पकड़, यह भी बताएंगे दावेदार

इस बार टिकट के आवेदन में दावेदारों की सोशल मीडिया सक्रियता पर भी फोकस किया गया है। पार्षद का टिकट मांगने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को फेसबुक, इंस्टाग्राम और X (ट्विटर) सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने अकाउंट और फॉलोअर्स से जुड़ी जानकारी देनी होगी।

 

 

दावेदारों से उनके सोशल मीडिया हैंडल के साथ सोशल मीडिया पर सक्रियता से जुड़ा ब्यौरा भी मांगा गया है। इससे पार्टी को दावेदार की डिजिटल मौजूदगी और लोगों के बीच ऑनलाइन पहुंच की जानकारी मिल सकेगी

 

ऑनलाइन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरने के बाद उसे वेरिफाई करने का विकल्प मिलेगा। दावेदार को पासपोर्ट साइज फोटो भी अपलोड करनी होगी। सभी जानकारियां वेरिफाई करने के बाद आवेदन ऑनलाइन जमा किया जा सकेगा।

 

 

ऑनलाइन आवेदन करना होगा अनिवार्य

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के अनुसार चुनाव लड़ने के इच्छुक सभी कार्यकर्ताओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। पार्टी की ओर से ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के आधार पर ही टिकट की दावेदारी पर विचार किया जाएगा।

 

 

डोटासरा का कहना है कि टिकट वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और पार्टी के लिए धरातल पर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को अवसर देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। ऑनलाइन आवेदन प्रणाली के जरिए पार्टी के पास दावेदारों की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकेगी।