महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह का आगाज कल से, 10 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
बीकानेर. अग्रवाल समाज के प्रवर्तक भगवान श्री अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में बीकानेर में धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला रविवार, 4 अक्टूबर से शुरू होगी। समारोह के तहत खेलकूद एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न आयोजन होंगे। वहीं 10 अक्टूबर को शहर में तीन अलग-अलग स्थानों से भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी।
अग्रवाल चेतना समिति के अध्यक्ष प्रमोद देवड़ा ने बताया कि 4 अक्टूबर को भगवान श्री अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष कार्यक्रम के साथ खेलकूद एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। बच्चों के लिए जलेबी रेस, बैलेंसिंग गेम, बोरी रेस, म्यूजिकल गेम, उड़ता बैलून सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा प्रश्नोत्तरी एवं पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
5 अक्टूबर को समाज के लोगों के लिए निःशुल्क दंत परामर्श शिविर लगाया जाएगा। 6 अक्टूबर को सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा।
तीन स्थानों से निकलेगी शोभायात्रा
समारोह का मुख्य आकर्षण 10 अक्टूबर, शनिवार को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा होगी। इस दिन शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से तीन शोभायात्राएं रवाना होंगी। पहली शोभायात्रा अग्रवाल भवन, दूसरी समता नगर और तीसरी अग्रसेन भवन, गोगागेट से निकलेगी।
तीनों शोभायात्राओं का शाम 7 बजे महाराजा अग्रसेन सर्किल पर त्रिवेणी संगम होगा। यहां महाराजा अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना की जाएगी।
11 अक्टूबर को जयंती दिवस पर होंगे कार्यक्रम
11 अक्टूबर, रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती दिवस के अवसर पर सुबह 8:30 बजे अग्रसेन सर्किल पर पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण होगा। इसके बाद सुबह 9 बजे अग्रवाल भवन, व्यास कॉलोनी में ध्वजारोहण, पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष प्रमोद देवड़ा ने बताया कि सभी कार्यक्रमों की तैयारियों के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होने का आह्वान किया।

