गांव-गांव बनेगी किसान आईडी, एक से 30 सितंबर तक लगेंगे विशेष शिविर
Bikaner News

गांव-गांव बनेगी किसान आईडी, एक से 30 सितंबर तक लगेंगे विशेष शिविर

Aug 27, 2026

 

बीकानेर. केंद्र सरकार की एग्रीस्टैक योजना के तहत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री और किसान आईडी बनाने के लिए बीकानेर तहसील की सभी ग्राम पंचायतों में एक से 30 सितंबर 2026 तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। पटवारी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मौजूद रहकर किसानों का पंजीयन करेंगे।

 

 

बीकानेर तहसीलदार विवेक चौधरी ने शिविर कार्यक्रम जारी करते हुए सभी पटवारियों को निर्धारित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर उपस्थित रहकर फार्मर रजिस्ट्री का काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक किसान की फार्मर आईडी बनाना आवश्यक है। इसके माध्यम से किसानों को फसल बीमा, पशुधन बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं और कृषि सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।

 

 

गिरदावरी के साथ बनेगी किसान आईडी

विशेष अभियान के दौरान पटवारी फसल गिरदावरी के साथ फार्मर रजिस्ट्री और किसान आईडी बनाने का काम भी करेंगे। सभी गिरदावर शिविरों की नियमित निगरानी कर कार्य की प्रगति सुनिश्चित करेंगे।

 

 

अभियान में लंबित फार्मर रजिस्ट्री आवेदनों का निस्तारण करने के साथ पीएम किसान योजना के शेष लाभार्थियों का पंजीयन किया जाएगा। जिन किसानों के रिकॉर्ड में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं हैं, उनका घर-घर सर्वे कर पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा अनअलॉटेड डाटा बैंक में दर्ज किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पर भी विशेष जोर रहेगा।

 

 

किसान पंचायत मुख्यालय पर करवाएं पंजीयन

तहसीलदार ने ग्रामवासियों और ई-मित्र संचालकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने किसानों से एक से 30 सितंबर के बीच संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पहुंचकर किसान आईडी बनवाने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।

 

 

उन्होंने चेतावनी दी कि अभियान के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।