कजली तीज पर पीबीएम के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में सघन पौधरोपण, हरियाली बचाने का दिया संदेश
बीकानेर. कजली तीज के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और अस्पताल परिसर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से पीबीएम अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में सघन पौधरोपण अभियान चलाया गया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजीव बुरी और डॉ. सचिन बांठिया के नेतृत्व में आयोजित अभियान में चिकित्सकों, अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के दौरान अस्पताल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित कार्मिकों ने इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण करने का संकल्प भी लिया।
अधीक्षक डॉ. संजीव बुरी ने कहा कि तीज का पर्व प्रकृति और हरियाली से जुड़ा हुआ है। ऐसे अवसर पर पौधरोपण करना पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण का संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अस्पताल परिसर में अधिक पौधे लगने से वातावरण बेहतर होगा तथा मरीजों और उनके परिजनों को भी सुखद एवं सकारात्मक परिवेश मिलेगा।
अभियान को सफल बनाने में रेडियो डायग्नोसिस विभाग के प्रभारी सुरेंद्र स्वामी, नर्सिंग प्रभारी मनोज कुमार पांडेय और नर्सिंग सुपरवाइजर अनिता शर्मा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

