चार वार्डों में भाजपा के खिलाफ मोर्चा, हिंदू संगठन के विरोध से बिगड़ सकते हैं चुनावी समीकरण
बीकानेर. नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब राजनीतिक दलों के भीतर टिकट वितरण को लेकर असंतोष और अंदरूनी कलह खुलकर सामने आने लगी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल नगर निगम में अपना बोर्ड बनाने के लिए रणनीति तैयार कर रहे हैं, लेकिन कई वार्डों में बागी उम्मीदवारों और नाराज संगठनों ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।
शहर के राजनीतिक गलियारों में इन दिनों चर्चा है कि इस बार दोनों प्रमुख दलों के लिए अधिक से अधिक पार्षदों को जिताकर लाना बड़ी चुनौती होगी। टिकट नहीं मिलने से नाराज दावेदारों के चुनाव मैदान में उतरने के कारण कई वार्डों में मुकाबला रोचक और बहुकोणीय बनता दिखाई दे रहा है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा की ओर से चार वार्डों में किए गए टिकट वितरण से एक हिंदू संगठन नाराज बताया जा रहा है। संगठन से जुड़े लोगों ने इन वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों का समर्थन नहीं करने का निर्णय लिया है। चर्चा है कि संगठन ने संबंधित प्रत्याशियों का राजनीतिक रूप से विरोध करने और चुनाव प्रचार से दूरी बनाने की रणनीति अपनाई है।
हालांकि संगठन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं भाजपा ने भी सार्वजनिक रूप से इस विरोध की पुष्टि नहीं की है। इसके बावजूद अंदरखाने चल रही नाराजगी ने पार्टी की चिंता बढ़ा दी है। संगठन का स्थानीय स्तर पर प्रभाव रहा तो इन चार वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।
अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व नाराज संगठन से बातचीत कर विरोध समाप्त करवाता है या यह नाराजगी मतदान तक बनी रहती है। चुनाव प्रचार तेज होने के साथ ही इन चार वार्डों में संगठन का अगला कदम भाजपा की चुनावी स्थिति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

