वार्ड 13 में भाजपा को बड़ी राहत, चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने डॉ. सुरेंद्र सिंह के समर्थन में वापस लिए नामांकन
बीकानेर. नगर निगम चुनाव में नामांकन वापस लेने की अवधि समाप्त होने के साथ ही वार्ड संख्या 13 में भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत को बड़ी राहत मिली है। वार्ड से चुनाव मैदान में उतरे चार निर्दलीय प्रत्याशियों पुष्कर शर्मा, शिव सिंह राजपुरोहित, प्रद्युम्न सिंह सोढ़ा और ओम राजपुरोहित ने अपना नामांकन वापस लेते हुए भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा की है।
चारों प्रत्याशियों ने एडीएम सिटी रीना के समक्ष उपस्थित होकर नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत को तन-मन-धन से सहयोग देने और वार्ड में उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए सक्रियता से काम करने का ऐलान किया।
वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता पुष्कर शर्मा ने कहा कि उन्होंने डॉ. सुरेंद्र सिंह के युवा नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए वार्ड के विकास और भाजपा की जीत का अंतर बढ़ाने के उद्देश्य से नामांकन वापस लिया है। वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता ओम राजपुरोहित ने केंद्र, राज्य और नगर निकाय में भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ बनाने तथा वार्ड के विकास के लिए समर्थन देने की बात कही।
युवा भाजपा नेता प्रद्युम्न सिंह सोढ़ा ने डॉ. सुरेंद्र सिंह की कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता में विश्वास व्यक्त किया। शिव सिंह राजपुरोहित ने बताया कि मोहल्लेवासियों से रायशुमारी और समर्थकों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने का निर्णय लिया गया है।
निर्दलीय प्रत्याशियों को मनाने और समर्थन जुटाने में भाजपा नेता अशोक भाटी, नवीन सिंह तंवर, विक्रम सिंह भाटी, महेश केशवानी, गजेंद्र सिंह लूंछ, नरपत सिंह शेखावत, राजेंद्र सिंह श्याणण, गौरव सिंह कालीपहाड़ी, गजेंद्र यादव और बद्री प्रसाद तावनिया सक्रिय रहे।
चार निर्दलीय प्रत्याशियों के चुनाव मैदान से हटने के बाद वार्ड संख्या 13 के चुनावी समीकरण बदल गए हैं। भाजपा खेमे ने इसे संगठनात्मक एकजुटता और डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत के पक्ष में मजबूत होते समर्थन के रूप में देखा है।

