बाल सम्प्रेषण गृह की छत से कूदकर छह बाल अपचारी फरार, दो सुरक्षा गार्डों पर मामला दर्ज
बीकानेर. शहर के बाल सम्प्रेषण गृह से छह बाल अपचारियों के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सभी छत से कूदकर भाग निकले। फरार हुए छह बाल अपचारियों में से तीन की उम्र अब 18 वर्ष से अधिक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। इस संबंध में फरार बाल अपचारियों के साथ ही ड्यूटी पर तैनात दो सुरक्षा गार्डों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस फरार बाल अपचारियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही सम्प्रेषण गृह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सभी ने फरार होने की योजना कैसे बनाई और सुरक्षा व्यवस्था में चूक किस स्तर पर हुई।

