नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप में राजस्थान का परचम, काव्या-भानु की जोड़ी बनी चैंपियन
बीकानेर. योनेक्स सनराइज नॉर्थ जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में राजस्थान की काव्या स्वामी और भानु प्रताप सिंह चौहान की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
सेमीफाइनल मुकाबले में काव्या और भानु प्रताप की जोड़ी ने हिमाचल प्रदेश के शिवांश राणा और गरिमा वर्मा को सीधे गेम में 15-12, 15-5 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में राजस्थान की जोड़ी का सामना अनन्या और चैतन्या सेहरावत से हुआ। तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में काव्या और भानु प्रताप ने पहला गेम 15-13 से जीता। दूसरे गेम में प्रतिद्वंद्वी जोड़ी ने वापसी करते हुए 15-11 से जीत दर्ज की। निर्णायक तीसरे गेम में राजस्थान की जोड़ी ने दबाव के बावजूद शानदार तालमेल दिखाया और 15-12 से जीत हासिल कर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
इस उपलब्धि पर राजस्थान बैडमिंटन संघ के सचिव के.के. शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के कारण राजस्थान के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस जीत से काव्या स्वामी और भानु प्रताप सिंह चौहान ने राजस्थान का गौरव बढ़ाने के साथ युवा खिलाड़ियों के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

