रामेश्वर डूडी की पुण्यतिथि पर डोटासरा-जूली की हुंकार, बोले- पंचायतीराज में कांग्रेस की जीत ही होगी सच्ची श्रद्धांजलि
Bikaner News Politics

रामेश्वर डूडी की पुण्यतिथि पर डोटासरा-जूली की हुंकार, बोले- पंचायतीराज में कांग्रेस की जीत ही होगी सच्ची श्रद्धांजलि

Oct 3, 2026

 

बीकानेर. किसान केसरी एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. रामेश्वर डूडी की प्रथम पुण्यतिथि पर शनिवार को डूडी स्मारक, नोखा रोड, उदयरामसर में कांग्रेस की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित प्रदेशभर से कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

 

 

सभा स्थल पर कार्यकर्ताओं ने स्व. रामेश्वर डूडी के समर्थन में नारे लगाए और आगामी पंचायतीराज चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प लिया।

 

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने डूडी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सर्वसमाज, किसानों और आमजन के हितों के लिए काम किया। डोटासरा ने कहा कि डूडी ने परिवारवाद के बजाय 36 कौम के लोगों को आगे बढ़ाने की राजनीति की और कई लोगों को संगठन एवं सत्ता में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिलाईं।

 

 

डोटासरा ने कहा कि स्व. डूडी प्रधान, जिला प्रमुख, विधायक, सांसद और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे तथा किसान, मजदूर और आमजन की आवाज को सरकार तक पहुंचाते रहे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से डूडी के बताए रास्ते पर चलने और आगामी पंचायतीराज चुनाव में संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनाव में कांग्रेस की जीत और भाजपा को चुनावी शिकस्त देना ही डूडी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

 

 

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि उन्होंने स्व. रामेश्वर डूडी से बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने डूडी के किसान, मजदूर और आमजन से जुड़े मुद्दों को उठाने के तरीके को याद किया। जूली ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तीन वर्ष के कार्यकाल के बावजूद जनता की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर सवाल बने हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

 

 

विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी ने श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश और जिले से पहुंचे कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्व. डूडी ने अपना जीवन जनसेवा को समर्पित किया और किसान समाज एवं आमजन के हित में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डूडी की ईमानदारी, निष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

 

 

पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने कहा कि रामेश्वर डूडी राजस्थान की राजनीति में किसान हितों और पंचायतीराज से जुड़े लंबे सार्वजनिक जीवन के लिए जाने जाते थे। उन्होंने पंचायत समिति प्रधान, जिला प्रमुख, विधायक, सांसद और नेता प्रतिपक्ष जैसे दायित्व निभाए।

 

 

पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल ने कहा कि डूडी ने अपने राजनीतिक जीवन में किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों और आमजन से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया। वहीं देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि डूडी किसानों, आमजन और 36 कौम की आवाज थे और उनके संघर्ष एवं जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है।

 

 

शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि डूडी ने राजनीति को सेवा का माध्यम माना और किसानों, युवाओं, मजदूरों एवं आमजन के अधिकारों के लिए आवाज उठाई।

 

कार्यक्रम में पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, पीसीसी प्रभारी मुश्ताक खान, मेयर अनिल कल्ला, विधायक पूसाराम गोदारा, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, विधायक संदीप यादव, विधायक हाकम अली, पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया, विधायक सोहनराम नायक, पूर्व विधायक चेतनराम डूडी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और समर्थक शामिल हुए तथा स्व. रामेश्वर डूडी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

;