एमजीएसयू की डॉ. मेघना शर्मा को अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में मिला बेस्ट ऑनलाइन रिसर्च पेपर अवार्ड
बीकानेर. महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मेघना शर्मा को उदयपुर की पैसिफिक यूनिवर्सिटी में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में सीनियर साइंटिस्ट श्रेणी में बेस्ट ऑनलाइन रिसर्च पेपर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
हाइब्रिड मोड में आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी पैसिफिक यूनिवर्सिटी के इतिहास विभाग द्वारा वैश्विक संस्कृत मंच एवं ग्लोबल हिस्ट्री फोरम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। संगोष्ठी का विषय ‘प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा : विज्ञान और ज्ञान के विविध आधुनिक आयाम’ रहा।
संगोष्ठी संयोजक प्रो. अजातशत्रु सिंह शिवरती के अनुसार, समापन समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संगोष्ठी के बाद जूरी के निर्णय के आधार पर डॉ. मेघना शर्मा के शोधपत्र को सीनियर साइंटिस्ट श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ ऑनलाइन रिसर्च पेपर के लिए चुना गया।
डॉ. मेघना शर्मा के शोधपत्र का विषय ‘Indian Knowledge Tradition and Women’s Discourse: Historical Perspectives and Contemporary Relevance’ रहा। शोधपत्र में भारतीय ज्ञान परंपरा के संदर्भ में महिलाओं के विमर्श को ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य और समकालीन प्रासंगिकता के साथ प्रस्तुत किया गया।
सत्र संयोजक डॉ. अबरार अहमद ने बताया कि ऑनलाइन सत्र की अध्यक्षता ओस्लो, नॉर्वे के पुरातत्वविद प्रो. टोरे गुलब्रांडसेन और अफ्रीका के पत्रकार एवं राजनीतिक समीक्षक डॉ. रमादान बिरिमा ने संयुक्त रूप से की।

