बीकानेर में फिर बदलेगा मौसम, 10-11 अक्टूबर को बारिश और तेज हवाओं की संभावना
बीकानेर. शहर और आसपास के इलाकों में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बनने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से 10 और 11 अक्टूबर को बीकानेर में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इस दौरान बीकानेर जिले में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। बारिश के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 13 और 14 अक्टूबर को भी बीकानेर सहित उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के आसपास के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक बीकानेर के मौसम पर नजर बनी रहेगी।
वहीं, प्रदेश के जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
बीकानेर में 10-11 अक्टूबर को बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

