बीकानेर में एक ही दिन में आग की दूसरी घटना, दोपहर में व्यास कॉलोनी के रेस्टोरेंट के किचन में लगी भीषण आग
बीकानेर. बीकानेर में सोमवार को आग लगने की दूसरी घटना सामने आई है। दोपहर में व्यास कॉलोनी स्थित बारबेक्यू रेस्टोरेंट के किचन में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर काबू पा लिया गया है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को रेस्टोरेंट के किचन में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के दौरान घटनास्थल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सुबह मेडिकल स्टोर में भी लगी थी आग
गौरतलब है कि सोमवार सुबह बीकानेर के छोटी कूटी स्थित एक मेडिकल स्टोर में भी आग लग गई थी। आग से मेडिकल स्टोर का सामान जलकर राख हो गया। इसके बाद अब व्यास कॉलोनी के रेस्टोरेंट में आग लगने की घटना सामने आई है। एक ही दिन में आग लगने की दो घटनाओं से शहर में हलचल मच गई।

