चौखुंटी ब्रिज के नीचे ऐसा क्या मिला? वीडियो सामने आते ही मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे पार्षद और भाजपा नेता
बीकानेर. शहर के वार्ड नंबर 70 स्थित चौखुंटी ब्रिज के नीचे सोमवार सुबह युवक-युवती के छिपकर सोने का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई। वीडियो की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित और भाजपा नेता अयूब कायमखानी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पुल के नीचे मौजूद युवक-युवती को बाहर निकलवाकर उनकी तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिलने पर दोनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
नशे की गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग
चौखुंटी ब्रिज के आसपास नशे की बिक्री और युवाओं के साथ कम उम्र के बच्चों में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। क्षेत्र में नशे की बिक्री से जुड़ी गतिविधियों की शिकायतें भी सामने आई हैं।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से चौखुंटी ब्रिज और आसपास के इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही, नशे की बिक्री और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।

