नौ दिन, नौ स्वरूप, नौ दिन कन्या पूजन: माँ ब्रह्मचारिणी की आराधना के साथ नेशनल स्विमिंग के लिए चयनित मधुर का सम्मान
Bikaner News Dharm Karam

नौ दिन, नौ स्वरूप, नौ दिन कन्या पूजन: माँ ब्रह्मचारिणी की आराधना के साथ नेशनल स्विमिंग के लिए चयनित मधुर का सम्मान

Oct 12, 2026

 

बीकानेर. वन्देमातरम मातृशक्ति टीम, बीकानेर की ओर से नवरात्रि में आयोजित ‘नौ दिन, नौ स्वरूप, नौ दिन कन्या पूजन’ की अनूठी पहल के तहत नवरात्रि के दूसरे दिन माँ ब्रह्मचारिणी की आराधना के साथ कन्या पूजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन टीम की सदस्य तारा स्वामी के निवास पर हुआ। इस दौरान कन्याओं का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

 

 

कार्यक्रम में विजय कोचर ने माँ दुर्गा के दूसरे स्वरूप माँ ब्रह्मचारिणी की महिमा बताते हुए कहा कि ‘ब्रह्म’ का अर्थ तपस्या और ‘चारिणी’ का अर्थ आचरण करने वाली होता है। माँ ब्रह्मचारिणी तप, त्याग, संयम और साधना की प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार तपस्या के लिए एकाग्रता और लगन आवश्यक है, उसी प्रकार बच्चों के लिए मन लगाकर पढ़ाई करना भी तपस्या के समान है। बच्चों को माँ ब्रह्मचारिणी का ध्यान करते हुए प्रार्थना करनी चाहिए, ताकि उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में एकाग्रता, धैर्य और सफलता प्राप्त हो सके।

 

 

नेशनल स्विमिंग प्रतियोगिता के लिए चयनित मधुर का सम्मान

कार्यक्रम में धार्मिक आयोजन के साथ प्रतिभा सम्मान का विशेष प्रसंग भी जुड़ा। तारा स्वामी के बेटे मधुर का नेशनल स्विमिंग प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर उनका सम्मान किया गया। इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कामिनी विमल भोजक मैया ने कहा कि किसी बच्चे की सफलता केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होती, बल्कि इसके पीछे माता-पिता का त्याग, सहयोग और संस्कार तथा गुरु का मार्गदर्शन और मेहनत भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

 

उन्होंने मधुर के साथ उनके माता-पिता और कोच का भी सम्मान किया। इस पहल के माध्यम से बच्चे की सफलता में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

 

 

कामिनी विमल भोजक मैया ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। इस तरह के आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और अन्य बच्चों को भी अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

 

 

वन्देमातरम मातृशक्ति टीम की यह पहल धार्मिक आस्था के साथ संस्कार, शिक्षा, प्रतिभा सम्मान और नारी शक्ति के प्रति आदर का संदेश दे रही है।

 

 

कार्यक्रम में विजय कोचर, कामिनी विमल भोजक मैया, जसोदा खत्री, सूरज राठौड़, तारा स्वामी, पुरुषोत्तम सुथार, कमल सैन, राजकुमारी पारीक, रामचंद्र स्वामी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

;