दीपावली से पहले चमकेंगे राजस्थान के सरकारी स्कूल, 22 अक्टूबर से शुरू होगा सौंदर्याकरण अभियान
बीकानेर. दीपावली के त्योहार से पहले राजस्थान के सभी राजकीय विद्यालयों को साफ-सुथरा, आकर्षक और रोशनी से जगमग बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से ‘विद्यालय सौंदर्याकरण एवं दीपोत्सव-2026’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान 22 अक्टूबर से शुरू होकर दीपोत्सव तक जारी रहेगा। इसके तहत प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत, रंग-रोगन और लाइटिंग के कार्य करवाए जाएंगे।
शिक्षा विभाग के निदेशक ललित कुमार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, सभी अधिकारियों को अपने अधीनस्थ राजकीय विद्यालयों में अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा। विभाग ने साफ-सफाई के कार्य 3 नवंबर तक पूरे करने और 6 नवंबर से दीपोत्सव तक विद्यालयों में प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
3 नवंबर तक पूरे होंगे साफ-सफाई के काम
अभियान के तहत 22 अक्टूबर से 3 नवंबर तक प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में साफ-सफाई के कार्य करवाए जाएंगे। इसमें विद्यालय परिसर, खेल मैदान, कक्षा-कक्ष, शौचालय और पेयजल स्थलों के आसपास के क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उद्देश्य है कि दीपावली से पहले स्कूलों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।
6 नवंबर से होगी लाइटिंग
शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि 6 नवंबर से दीपोत्सव तक सभी राजकीय विद्यालयों में लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे दीपावली के अवसर पर सरकारी स्कूल आकर्षक और रोशनी से जगमग दिखाई देंगे।
शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण भी बनेंगे भागीदार
इस अभियान में केवल विद्यालयों की साफ-सफाई ही नहीं, बल्कि जनसहभागिता पर भी जोर दिया गया है। शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों, स्काउट-गाइड, एनएसएस, एनसीसी और स्थानीय सामाजिक संगठनों का सहयोग लेकर श्रमदान करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग का उद्देश्य है कि समाज की भागीदारी से सरकारी विद्यालयों के प्रति अपनत्व और जुड़ाव बढ़े। इससे विद्यालयों को समाज के गौरव और विकास के केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
खराब फर्नीचर और मरम्मत पर भी रहेगा जोर
निर्देशों के अनुसार, विद्यालयों में अनुपयोगी फर्नीचर और दरी-पट्टी को नियमानुसार नष्ट करने या नीलाम करने की कार्रवाई की जाएगी। जरूरत के अनुसार विद्यालयों में मरम्मत और रंग-रोगन के कार्य भी करवाए जाएंगे।
शौचालयों सहित अन्य आवश्यक स्थानों पर मरम्मत की जरूरत होने पर समसा की कंपोजिट ग्रांट से नियमानुसार कार्य करवाया जा सकेगा।
नियमों के अनुसार होंगे कार्य
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी कार्य विभागीय निर्देशों, राजस्थान लोक उपापन पारदर्शिता अधिनियम-2012, इसके नियम-2013 तथा सामान्य वित्तीय एवं लेखा नियमों की पालना करते हुए करवाए जाएंगे।
इस अभियान का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के साथ विद्यार्थियों में अपने विद्यालय के प्रति गौरव और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है।

